Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

खुद पर बेवजह का दबाव न डालना ही महत्वपूर्ण: अदा शर्मा

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा का मानना है कि आज के तेजी से बदलते दौर में काम और निजी जिंदगी के बीच सही संतुलन बनाना हमेशा संभव नहीं हो पाता। अभिनेत्री ने हाल ही में काम और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाने की चुनौतियों पर खुलकर बात की है।  उन्होंने वर्क-लाइफ बैलेंस की तुलना जेंगा के खेल से की, जिसमें थोड़ा सा बदलाव भी पूरे ढांचे को बिगाड़ सकता है। अदा ने कहा कि यह जेंगा के खेल जैसा लगने लगता है। बस एक और शूट जुड़ता है और सब कुछ डगमगा जाता है। उनका कहना है कि परफेक्ट बैलेंस के पीछे भागने के बजाय, वह दिन को हल्के-फुल्के अंदाज में जीने पर ध्यान देती हैं। उनके लिए छोटे-छोटे पलों में खुशी ढूंढना और खुद पर बेवजह का दबाव न डालना ही सबसे महत्वपूर्ण है। 

अदा ने आगे कहा कि उन्होंने यह बात अच्छी तरह समझ ली है कि वह परफेक्ट बैलेंस बनाने में उतनी अच्छी नहीं हैं, लेकिन इतना जरूर कर लेती हैं कि पूरी तरह टूट न जाएं। वे कई बार पांच घंटे की नींद को भी सेहतमंद मान लेती हैं और उसी के सहारे अपना पूरा दिन आराम से निकाल लेती हैं। उनके लिए यह एक तरह की स्वीकृति है कि हर दिन आदर्श नहीं हो सकता, लेकिन फिर भी उसमें खुशियां ढूंढी जा सकती हैं। अदा ने यह भी बताया कि उनके लिए एक सफल दिन तब होता है जब वह समय पर शूट पूरा कर लें, हंस लें, समय पर खाना खा लें और सबसे महत्वपूर्ण बात, उन्हें याद रहे कि उन्होंने अपना फोन कहाँ रखा है। उनके मुताबिक, जीवन की ये छोटी-छोटी जीत ही असली वेलनेस हैं, जो व्यक्ति को मानसिक और भावनात्मक रूप से संतुष्ट रखती हैं। 

काम की बात करें तो 33 वर्षीय अभिनेत्री अदा शर्मा को हाल ही में फिल्म तुमको मेरी कसम में देखा गया था, जिसे विक्रम भट्ट ने डायरेक्ट किया है। यह फिल्म डॉ. अजय मुर्डिया के जीवन से प्रेरित बताई जाती है, जो इंदिरा आईवीएफ के संस्थापक हैं। इस फिल्म में अनुपम खेर, इश्वाक सिंह और ईशा देओल जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। अब अदा जल्द ही एक और महत्वपूर्ण फिल्म गवर्नररू द साइलेंट सेवियर में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी भी होंगे। यह फिल्म 1991 के आर्थिक संकट के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर रहे एस. वेंकटरमणन के समय से प्रेरित बताई जा रही है, हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस फिल्म को सनशाइन पिक्चर्स ने प्रेजेंट किया है और इसका निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है। 

Comments (0)

Leave a Comment