Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

पूनम पांडे का नाम विवादों से जुड़ा रहा

मुंबई । अपने करियर के दौरान चर्चित मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे ने कई बार विवादों के कारण सुर्खियां बटोरीं और एक समय ऐसा भी आया जब उनके द्वारा लॉन्च किए गए मोबाइल ऐप को गूगल ने प्ले स्टोर से हटा दिया था। पूनम पांडे का जन्म 11 मार्च 1991 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक साधारण परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में पूरी की और महज 18 वर्ष की उम्र में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। अपने बोल्ड फोटोशूट्स के कारण वह जल्दी ही चर्चा में आ गईं और सोशल मीडिया पर भी उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ने लगी। वर्ष 2010 में उन्होंने ग्लैडरैग्स मैनहंट और मेगा मॉडल प्रतियोगिता में भाग लिया, जहां वह टॉप 9 प्रतिभागियों में शामिल रहीं। इसके बाद उन्होंने कई कैलेंडर और फोटोशूट्स में काम किया, जिनमें 2012 का किंगफिशर कैलेंडर विशेष रूप से चर्चा में रहा। साल 2011 में पूनम पांडे अचानक राष्ट्रीय सुर्खियों में आ गईं, जब उन्होंने कहा कि यदि भारतीय क्रिकेट टीम विश्व कप जीतती है तो वह न्यूड हो जाएंगी। 

इस बयान ने उन्हें रातोंरात चर्चा का विषय बना दिया। विवादों के बीच उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा और 2013 में फिल्म नशा से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में उन्होंने एक स्कूल टीचर की भूमिका निभाई, जिसमें कई बोल्ड दृश्य शामिल थे। फिल्म का पोस्टर रिलीज होने के बाद कुछ जगहों पर इसका विरोध भी हुआ और प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर जलाकर नाराजगी जताई। बाद में उन्होंने ‘मालिनी एंड कंपनी’, ‘द जर्नी ऑफ कर्मा’, ‘लव इज पॉइजन’ और ‘आ गया हीरो’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। फिल्मों के अलावा पूनम ने टीवी और रियलिटी शो में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने फीयर फेक्टरःखतरों के खिलाडी के चौथे सीजन और लॉकअप जैसे चर्चित रियलिटी शो में हिस्सा लिया। इसके साथ ही वह ‘टोटल नादानियां’ और ‘प्यार मोहब्बत श्श्श’ जैसे कार्यक्रमों में भी नजर आईं। 

साल 2017 में पूनम पांडे ने अपने नाम से एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया, जिसमें उनका बोल्ड और एडल्ट कंटेंट उपलब्ध था। हालांकि यह ऐप ज्यादा समय तक नहीं चल सका और गूगल ने अपनी नीतियों का हवाला देते हुए इसे प्ले स्टोर से केवल एक घंटे के भीतर हटा दिया। इस घटना ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया। निजी जीवन की बात करें तो पूनम पांडे ने 2020 में अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड सेम बॉम्बे से शादी की थी। हालांकि शादी के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने पति पर धमकी और मारपीट का आरोप लगाया, जिसके बाद गोवा पुलिस ने सैम को गिरफ्तार किया था। बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई। इसके बावजूद पूनम पांडे का नाम विवादों से जुड़ा रहा और वह लगातार चर्चा में बनी रहीं। 

साल 2024 में उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से अपनी मौत की झूठी खबर फैलाकर लोगों को चौंका दिया था। बाद में उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना था। हालांकि इस कदम के कारण उन्हें सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। बता दें कि बॉलीवुड और सोशल मीडिया की दुनिया में कुछ ऐसे नाम हैं जो अपने बोल्ड अंदाज और विवादों के कारण लगातार चर्चा में बने रहते हैं। मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे भी उन्हीं चर्चित हस्तियों में से एक हैं, जिन्होंने मॉडलिंग से लेकर फिल्मों और डिजिटल कंटेंट तक हर मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई। 


Comments (0)

Leave a Comment