Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

उत्तराखंड में हैट्रिक के लिए भाजपा करेगी विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार

कामकाज के आधार पर ही मिलेगा टिकट

देहरादून। रविवार को आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी ने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की अपनी रणनीति पर मंथन किया। भाजपा ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अपने मौजूदा विधायकों के कामकाज का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड तैयार करने का निर्णय लिया है। यह रिपोर्ट कार्ड विधायकों की उम्मीदवारी तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

पार्टी पांच साल के कार्यकाल में विधायकों के कामकाज, क्षेत्र में उनकी सक्रियता और जनता के बीच स्वीकार्यता के आधार पर उनकी दावेदारी परखेगी। बूथ स्तर से मिलने वाले फीडबैक को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य संभावित एंटी-इनकंबेंसी से निपटना और जनता की नाराजगी को समझना है। कमजोर रिपोर्ट कार्ड वाले विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। विधायकों की समीक्षा के लिए विस्तारक और प्रवासी प्रभारी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से सीधा संवाद करेंगे।

वे विधायकों के साथ संगठनात्मक तालमेल, उनके नियमित संपर्क और क्षेत्र में उनकी राजनीतिक स्थिति का गहन आकलन करेंगे। इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं को समाधान करने में विधायकों की भूमिका भी परखी जाएगी। पार्टी यह भी देखेगी कि सरकार की उपलब्धियों के बावजूद कहीं संबंधित विधायक की निष्क्रियता क्षेत्र में असंतोष की वजह तो नहीं बन रही है।

बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसे राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने पेश किया। इसमें डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर जोर दिया गया। प्रस्ताव में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, 300 से अधिक अधिकारियों पर कार्रवाई, उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, युवाओं को रोजगार के अवसर देने और पलायन रोकने के लिए दो लाख लोगों से बातचीत जैसी महत्वपूर्ण पहलों का जिक्र किया गया। साथ ही, राज्य में रेल और एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा 36 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी देने की उपलब्धि भी गिनाई गई। प्रस्ताव में विपक्ष पर अराजकता फैलाने और झूठ के सहारे भ्रम फैलाने का आरोप लगाया गया। भाजपा ने राज्य सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर विपक्ष के इन नकारात्मक नैरेटिव को विफल करने का संकल्प लिया है। पार्टी का मानना है कि इन पहलों और कड़े मूल्यांकन के जरिए ही वह 2027 के चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर सकेगी।


Comments (0)

Leave a Comment