Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

रोमांस और संगीत का जादू कभी खत्म नहीं होता- गुरमीत चौधरी

मुंबई । अपनी आगामी रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म तुम मेरे हो को लेकर बॉलीवुड अभिनेता गुरमीत चौधरी उत्साहित हैं। गुरमीत की यह फिल्म एक प्रेम कहानी पर आधारित है जिसमें आठ गाने मौजूद हैं। गुरमीत का मानना है कि बॉलीवुड में रोमांस और संगीत का जादू कभी खत्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि फिल्मों में कहानियाँ और उनका प्रस्तुतिकरण भले ही समय के साथ बदलता रहे, लेकिन प्यार की कहानियाँ और दिल को छू लेने वाले गीत हमेशा दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए रखते हैं। गुरमीत चौधरी ने बातचीत में बताया कि तुम मेरे हो को काफी प्यार के साथ बनाया गया है। इसमें रोमांस, म्यूजिक और एक खूबसूरत लव स्टोरी देखने को मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि फिल्म में कुल आठ गाने हैं, जिन्हें बेहतरीन म्यूजिक कंपोजर्स और सिंगर्स ने तैयार किया है, और तीन गाने तो पहले ही हिट हो चुके हैं। 

गुरमीत के अनुसार, प्यार की कहानियों की अपनी एक अलग जगह होती है; एक अच्छी लव स्टोरी हमेशा लोगों के दिलों से जुड़ती है और इसका असर लंबे समय तक बना रहता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तुम मेरे हो सिर्फ रोमांस पर आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें म्यूजिक भी कहानी का एक अहम हिस्सा है। बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्मों की लोकप्रियता पर बात करते हुए गुरमीत ने कहा कि पिछले कुछ सालों में कई इंटेंस कहानियों वाली फिल्में आई हैं और दर्शकों ने उन्हें पसंद भी किया है। हालाँकि, अच्छी कहानियों और यादगार गानों वाली रोमांटिक फिल्मों का अपना अलग क्रेज आज भी बना हुआ है।

 उन्होंने आशिकी, आशिकी 2 और सैयारा जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन फिल्मों में म्यूजिक और रोमांस का मेल दर्शकों को हमेशा आकर्षित करता रहा है। गुरमीत ने समझाया कि अच्छी धुनें और प्यार से जुड़ी कहानियाँ लोगों के साथ आसानी से जुड़ जाती हैं, और यही वजह है कि रोमांटिक फिल्मों के गाने लंबे समय तक लोगों की जुबान पर रहते हैं और फिल्म की पहचान बन जाते हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति में संगीत की अहम जगह को भी उजागर किया। गुरमीत ने कहा कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में भी संगीत किसी न किसी रूप में शामिल रहता है। घर में सुबह उठने से लेकर डांट खाने तक, हर मौके पर गाने याद आ जाते हैं। ऐसे में अगर किसी फिल्म में अच्छे गाने हों, तो दर्शकों के सिनेमाघरों तक पहुँचने की संभावना भी बढ़ जाती है। 


Comments (0)

Leave a Comment