Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

होम लोन के हिडन चार्जेस से रहें सतर्क

नई दिल्ली। अपना घर खरीदना हर मध्यमवर्गीय परिवार का सपना होता है, लेकिन इस सपने को पूरा करने के लिए लिया गया होम लोन कई बार अनजाने में आर्थिक बोझ भी बन सकता है। वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि होम लोन लेते समय केवल मासिक ईएमआई पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि इसके पीछे कई ऐसे हिडन चार्जेस होते हैं जो कुल लागत को काफी बढ़ा देते हैं। 

इसे समझने के लिए उदाहरण दिया जा सकता है, कि यदि कोई व्यक्ति 50 लाख रुपये का होम लोन 8.5 फीसद वार्षिक ब्याज दर पर 20 वर्षों के लिए लेता है, तो उसकी मासिक ईएमआई लगभग 43,000 से 44,000 रुपये के बीच होती है। आमतौर पर ग्राहक इसी आंकड़े को आधार बनाकर निर्णय लेते हैं, जबकि वास्तविक खर्च इससे कहीं अधिक हो सकता है। बैंक द्वारा लगाए जाने वाले विभिन्न अतिरिक्त शुल्क इस लागत में इजाफा करते हैं। इन शुल्कों में सबसे प्रमुख है प्रोसेसिंग फीस, जो लोन स्वीकृति के समय एकमुश्त ली जाती है। यह आमतौर पर लोन राशि का एक निश्चित प्रतिशत होती है और इसमें आवेदन प्रक्रिया तथा दस्तावेज़ों की जांच का खर्च शामिल होता है। इसके अलावा, यदि उधारकर्ता समय पर ईएमआई का भुगतान नहीं करता है, तो उसे लेट पेमेंट पेनल्टी का सामना करना पड़ता है। गंभीर मामलों में डिफॉल्ट चार्जेज़ भी लगाए जाते हैं, जिनमें रिकवरी और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े खर्च शामिल होते हैं। 

यहीं नहीं, यदि कोई ग्राहक अपने लोन का समय से पहले पूरा या आंशिक भुगतान करना चाहता है, तो उसे प्रीपेमेंट चार्ज भी देना पड़ सकता है। यह शुल्क बैंक द्वारा संभावित ब्याज के नुकसान की भरपाई के लिए लिया जाता है, जिससे उधारकर्ता की बचत की योजना प्रभावित हो सकती है। इस स्थिति में वित्तीय सलाहकार कहते हैं कि घर खरीदना जीवन का एक बड़ा आर्थिक निर्णय है, इसलिए इसे जल्दबाजी में नहीं लेना चाहिए।

उनके अनुसार, ग्राहकों को लोन लेने से पहले सभी शर्तों और शुल्कों की पूरी जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अप्रत्याशित खर्च का सामना न करना पड़े। विशेषज्ञ यह भी सुझाव देते हैं कि जिन ग्राहकों का सिबिल स्कोर अच्छा होता है, उनके पास बैंकों से बेहतर ब्याज दर और कम शुल्क पर बातचीत करने का अवसर होता है। इसलिए, अलग-अलग बैंकों के ऑफर्स, नियम और शर्तों की तुलना करना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल ईएमआई के आधार पर निर्णय लेने के बजाय, लोन की कुल लागत को समझना और सभी संभावित शुल्कों को ध्यान में रखना ही समझदारी भरा कदम है। इससे न केवल अनावश्यक खर्चों से बचा जा सकता है, बल्कि लंबे समय में हजारों रुपये की बचत भी संभव है। 


Comments (0)

Leave a Comment