Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

होर्मुज के पास अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान पर संकट, 7600 कोड भेजा

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अमेरिका के सबसे ताकतवर लड़ाकू विमान एफ-35 को ईरान के होर्मुज स्ट्रेट के पास एक मुसीबत का सामना करना पड़ा। दुनिया के सबसे सक्षम पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट में शुमार इस विमान ने अपने ट्रांसपॉन्डर पर 7600 कोड भेजा और फिर अपना रास्ता बदलकर संयुक्त अरब अमीरात की ओर रुख कर लिया। यह कोड आम तौर पर विमान के रेडियो संचार में समस्या आने का संकेत देता है। हालांकि, विमान के साथ असल में क्या हुआ और उसे अपना रास्ता क्यों बदलना पड़ा, इस बारे में अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक, होर्मुज के पास उड़ान भर रहे इस विमान ने ट्रांसपॉन्डर पर 7600 कोड प्रसारित किया। इसके बाद विमान का रास्ता बदलने और यूएई की ओर बढ़ने की जानकारी सामने आई। विमान संयुक्त अरब अमीरात स्थित अल धफरा एयरबेस की तरफ बढ़ गया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि रेडियो संचार में आई समस्या की वजह क्या थी, विमान को अपना रास्ता क्यों बदलना पड़ा और क्या यह किसी तकनीकी खराबी से जुड़ा मामला था। इस घटनाक्रम को लेकर सबसे अहम बात यह है कि 7600 कोड अपने आप में किसी हमले या विमान को निशाना बनाए जाने का सबूत नहीं है।

यह कोड मुख्य रूप से विमान और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के बीच रेडियो संचार में समस्या का संकेत देता है। ट्रांसपॉन्डर एक ऐसा उपकरण है जिसके जरिए विमान अपनी पहचान और स्थिति से जुड़े कोड प्रसारित करता है, ताकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल उससे संपर्क कर सके। 7600 कोड विशेष रूप से रेडियो संचार में खराबी का संकेत देता है, जिसका अर्थ है कि विमान को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़ने में परेशानी हो रही है। ऐसी स्थिति में पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल तय प्रक्रियाओं के अनुसार विमान की सुरक्षित उड़ान और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने की कोशिश करते हैं। अल धफरा एयरबेस संयुक्त अरब अमीरात में स्थित एक अहम सैन्य हवाई अड्डा है, जहां अमेरिकी सैन्य मौजूदगी भी रही है। ऐसे में अमेरिकी एफ-35 स्टेल्थ फाइटर जेट के लिए यह एक सुरक्षित ठिकाना है, और यही वजह रही कि इस फाइटर जेट ने लौटने के लिए इसी एयरबेस को चुना। एफ-35 अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन का बनाया पांचवीं पीढ़ी का अत्याधुनिक स्टील्थ लड़ाकू विमान है, जो अपनी रडार से बचने की क्षमता, आधुनिक सेंसर और बहुमुखी सैन्य अभियानों के लिए प्रसिद्ध है।

Comments (0)

Leave a Comment