Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

सौरभ और आशुतोष पुलिस के सामने पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका गुरुवार को दिल्ली पुलिस के सामने पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। पुलिस ने उन्हें राजौरी गार्डन स्थित अपने कार्यालय में बुलाया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों नेताओं ने पुलिस से पेश होने के लिए और समय मांगा है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें नया नोटिस जारी कर सकती है। यह कार्रवाई 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ी है, जिसमें सौरभ दास, रांका और सीजेपी के 11 अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस का आरोप है कि जंतर-मंतर को अब धरना स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किया गया है, इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने निजी परिसरों के रास्ते वहां प्रवेश किया और शांति बनाए रखने से जुड़ी शर्तों का कथित तौर पर उल्लंघन किया।

दास और रांका को दो दिन पहले ही न्यायिक हिरासत से रिहा किया गया था। स्पेशल एग्जिक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें शांति बनाए रखने की शर्त पर 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने की इजाजत दी थी। शर्तों के मुताबिक, उन्हें कानून का उल्लंघन न करने, शांति बनाए रखने और सुनवाई की तारीखों पर हाजिर रहने का वादा करना था। अदालत ने मामले को आगे की कार्यवाही के लिए 23 अक्टूबर को सूचीबद्ध किया था। तिहाड़ से छूटते ही सौरभ दास ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि पार्टी वही पुरानी बातें दोहरा रही है और गौरव भाटिया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घिसी पिटी स्क्रिप्ट दोहराने से फायदा नहीं होगा। इसी बीच, कॉकरोच जनता पार्टी ने गुरुवार को चेन्नई में भी एक प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन एसआईआर के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था। हालांकि चेन्नई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से आधिकारिक तौर पर इनकार कर दिया था, इसके बावजूद कॉजपा के आयोजकों ने राजरथिनम स्टेडियम के पास शाम करीब चार बजे प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसमें 100 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। अभिनेता प्रकाश राज के भी प्रदर्शन में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन वह नहीं पहुंचे।


Comments (0)

Leave a Comment