Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

भारत में 436 चरम मौसमी घटनाओं में हुई 78 हजार से ज्यादा मौतें

नई दिल्ली । जलवायु परिवर्तन का असर केवल बेमौसम बारिश तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरी दुनिया के सामने गंभीर मानवीय और आर्थिक चुनौती बन चुका है। पिछले तीन दशकों में देश ने 436 चरम मौसमी घटनाओं का सामना किया। इन घटनाओं के कारण 78 हजार से अधिक लोगों की जान गई, जबकि 1.2 अरब से ज्यादा लोग प्रभावित हुए। इस दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को 170 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा। भारत भी जलवायु परिवर्तन और चरम मौसमी घटनाओं की भारी कीमत चुका रहा है। जर्मनी के बॉन स्थित गैर-सरकारी संगठन जर्मनवॉच की जारी रिपोर्ट में ये आंकड़े सामने आए हैं। इस रिपोर्ट में वर्ष 1996 से 2025 तक के 30 वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, चरम मौसमी घटनाओं से सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में भारत शीर्ष दस देशों में शामिल है। इसमें महंगाई के प्रभाव को भी शामिल किया गया है, जिसके बाद देश को हुआ कुल आर्थिक नुकसान 170 अरब डॉलर से अधिक आंका गया है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 30 वर्षों में पूरी दुनिया में जलवायु से जुड़ी लगभग 10 हजार चरम मौसमी घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं के कारण 9 लाख 16 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई, जबकि 5.5 अरब से ज्यादा लोग प्रभावित हुए। इस अवधि में वैश्विक अर्थव्यवस्था को 4.7 ट्रिलियन डॉलर से अधिक का प्रत्यक्ष नुकसान हुआ। इससे स्पष्ट है कि जलवायु परिवर्तन का असर केवल किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की जिंदगी और आजीविका प्रभावित हो रही है।


 

इस अवधि में डोमिनिका, म्यांमार और होंडुरास सबसे अधिक प्रभावित देशों में शामिल रहे। इनके बाद लीबिया, हैती और ग्रेनाडा का स्थान रहा। रिपोर्ट बताती है कि चरम मौसम की घटनाओं के कारण कई देशों में बुनियादी ढांचे, कृषि, आवास और आर्थिक गतिविधियों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसका असर लंबे समय तक लोगों की आजीविका और विकास पर बना रहता है। वर्ष 2025 के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। इस दौरान दुनियाभर में चरम मौसम की 367 घटनाएं दर्ज की गईं। इनके कारण लगभग 35 हजार लोगों की मौत हुई और वैश्विक अर्थव्यवस्था को 158 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा। 

मौतों के मामले में भीषण गर्मी यानी हीटवेव सबसे बड़ी वजह बनकर सामने आई। 

रिपोर्ट के अनुसार, दर्ज की गई कुल मौतों में लगभग 70 प्रतिशत के लिए हीटवेव जिम्मेदार रही। दूसरी ओर, आर्थिक नुकसान के लिहाज से तूफानों का योगदान सबसे अधिक रहा। इससे पता चलता है कि बढ़ती गर्मी सीधे तौर पर लोगों की जान के लिए खतरा बन रही है, जबकि तूफान संपत्ति, घरों और बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा रहे हैं। रिपोर्ट की सह-लेखिका लिसा शुल्थाई ने कहा कि जलवायु संकट से निपटने में निष्क्रियता की मानवीय कीमत बेहद चिंताजनक है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने देशों और कंपनियों से जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता तेजी से कम करने की जरूरत बताई। उनके अनुसार, जीवाश्म ईंधन जलवायु परिवर्तन के प्रमुख कारणों में शामिल है। 



Comments (0)

Leave a Comment