Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

श्रद्धा कपूर अपने नए अंदाज से खींच रही दर्शकों का ध्यान

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ईठा का पहला गाना जी जी रे जी रिलीज हो गया है। श्रद्धा इस गाने में लावणी करती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस एक बार फिर अपने नए अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। पारंपरिक मराठी परिधान, नथ, गहनों और घुंघरुओं के साथ अभिनेत्री ने अपने डांस से लोकनृत्य की खूबसूरती को पर्दे पर उतारने की कोशिश की है। फिल्म का पहला गाना रिलीज होने के साथ फिल्म की संगीत और नृत्य से जुड़ी दुनिया की झलक भी देखने को मिली है। जी जी रे जी में श्रद्धा कपूर नौवारी साड़ी और पारंपरिक आभूषणों में नजर आ रही हैं। गाने में उनके डांस मूव्स के साथ चेहरे के हाव-भाव और लावणी की खास अदाएं भी देखने को मिलती हैं। इस प्रस्तुति को भव्य और प्रभावशाली बनाने के लिए पारंपरिक लावणी के साथ थिएटर परफॉर्मेंस का अंदाज भी जोड़ा गया है। गाने में श्रद्धा का किरदार ईठा एक कलाकार के रूप में अपनी पहचान और हुनर को सामने लाता है। यह ट्रैक फिल्म की कहानी के एक अहम पड़ाव की झलक भी पेश करता है। गाने को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है। इसे श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। गाने की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है। संगीत, गायकी और डांस का यह मेल फिल्म के माहौल को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाता नजर आता है। 

अजय-अतुल के मुताबिक, ईठा जैसी फिल्म में संगीत केवल बैकग्राउंड तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि उसे किरदार, कहानी और भावनाओं का हिस्सा बनना जरूरी है। उन्होंने बताया कि ईठा का व्यक्तित्व केवल मंच पर दिखाई देने वाली कलाकार तक सीमित नहीं है। उसके भीतर ताकत, गरिमा और संघर्ष की अपनी कहानी है। जी जी रे जी के जरिए उन्होंने लावणी की पारंपरिक पहचान को बनाए रखते हुए इस कलाकार की ऊर्जा और आत्मविश्वास को संगीत के माध्यम से पेश करने की कोशिश की है। श्रद्धा कपूर ने बताया कि ईठा के किरदार में लावणी करना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा, हालांकि इसके साथ चुनौतियां भी थीं। उनके मुताबिक, लावणी की लय, भाव-भंगिमाएं और ऊर्जा इसे खास बनाती हैं। इस डांस फॉर्म को समझना और इसके जरिए एक दिग्गज कलाकार की दुनिया में प्रवेश करना उनके लिए नया अनुभव था। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक गाने में कलाकारों की मेहनत और इसके पीछे छिपी कहानी को महसूस कर पाएंगे। 

कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने बताया कि गाने की प्रस्तुति तैयार करते समय कलाकार के मंच पर आने से पहले के संघर्ष और भावनाओं को ध्यान में रखा गया। उनके अनुसार, मंच पर पहुंचने के बाद कलाकार अपनी निजी परेशानियों को पीछे छोड़कर दर्शकों के साथ जुड़ जाता है। इसी विचार को डांस के जरिए दिखाने की कोशिश की गई है। उन्होंने श्रद्धा के समर्पण और मेहनत की तारीफ करते हुए निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने का अनुभव भी शानदार बताया। वहीं श्रेया घोषाल ने इस गाने को ऐसा अनुभव बताया, जिसमें उन्होंने सिर्फ इसे गाया नहीं, बल्कि कुछ समय के लिए लावणी की भावना को जिया। उनके मुताबिक, अजय-अतुल की धुन में इस लोकनृत्य की ऊर्जा, चुलबुलापन और खूबसूरती मौजूद है।


Comments (0)

Leave a Comment