Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

नीट-यूजी 2027: पेन-पेपर मोड में ही जारी रह सकती है परीक्षा

जनवरी में नीलेकणि कमेटी सौंपेगी मंत्रालय को रिपोर्ट

नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली नीट-यूजी 2027 परीक्षा पेन-पेपर मोड (ओएमआर शीट) में ही आयोजित होने की संभावना है। जबकि इस साल मई में नीट पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि 2027 से यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित (सीबीटी मोड) होगी। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों को देखकर इस पर अमल मुश्किल दिख रहा है। परीक्षा का आयोजन भले ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को करना है, लेकिन इसके मोड पर अंतिम फैसला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय लेगा। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही परीक्षा के स्वरूप पर निर्णय हो सकेगा। परीक्षा सुधारों से जुड़ी यह कमेटी अपनी रिपोर्ट पहले अक्टूबर में देने वाली थी, लेकिन अब जनवरी 2027 तक इसके आने की उम्मीद है।

जनवरी 2027 में रिपोर्ट आने के बाद करीब 25 लाख अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए पर्याप्त केंद्र तैयार करने और परीक्षा की शिफ्टों का प्रबंधन करने जैसे बड़े कामों के लिए बहुत कम समय बचेगा। ऑनलाइन परीक्षा की चुनौतियों को समझने के लिए एनटीए की जेईई मेन परीक्षा से इसकी तुलना की जा सकती है। जेईई मेन के अप्रैल 2026 सत्र में करीब 11.10 लाख रजिस्ट्रेशन हुए थे, जिसके लिए 9 शिफ्टों में 584 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। नीट में करीब 22.7 लाख छात्रों के लिए व्यवस्था बनानी होगी। यदि जेईई मेन के औसत के आधार पर एक शिफ्ट में करीब 1.23 लाख छात्र परीक्षा दे सकते हैं, तब नीट के लिए करीब 20 शिफ्टों की आवश्यकता होगी। यदि प्रतिदिन दो शिफ्टों में परीक्षा होती है, तब नीट की परीक्षा को पूरा होने में 10 दिन लग सकते है। वहीं, पूरी परीक्षा एक ही शिफ्ट में करने के लिए लगभग 10,750 परीक्षा केंद्रों की जरूरत होगी। कई शिफ्टों में परीक्षा होने पर हरेक के लिए अलग प्रश्नपत्र तैयार करना होगा और कठिनाई के स्तर को संतुलित करने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनानी होगी, जो नीट के लिए चुनौतीपूर्ण होगा, विशेषकर बायोलॉजी के प्रश्नों के कठिनाई स्तर को संतुलित करना। इसके साथ ही कंप्यूटर, बिजली, इंटरनेट, तकनीकी कर्मचारियों और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा की भी व्यापक व्यवस्था करनी होगी।

मौजूदा परिस्थितियों में इतनी बड़ी परीक्षा एक साथ एक शिफ्ट में कराना असंभव प्रतीत होता है। सीबीटी मोड के लिए 20 शिफ्टों लायक बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए बहुत कम समय बचा है। यदि नीलेकणि कमेटी सीबीटी मोड की सिफारिश करती है, तब भी पेन-पेपर से सीधे सीबीटी पर जाने के बजाय हाइब्रिड मोड एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इसमें बड़े और मेट्रो शहरों में सीबीटी का विकल्प दिया जा सकता है, जबकि छोटे शहरों में कुछ सालों तक पेन-पेपर मोड जारी रखा जा सकता है। इस दौरान सीबीटी केंद्रों का नेटवर्क धीरे-धीरे विकसित किया जा सकता है, जैसा कि जेईई को पेन-पेपर से सीबीटी मोड में बदलते समय अपनाया गया था।

Comments (0)

Leave a Comment